अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरसेला थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर मिट्टी लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। जांच के बाद खनन विभाग ने दोनों वाहनों पर कुल 2 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर ट्रैक्टरों के माध्यम से उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने एनएच-31 पर कार्रवाई करते हुए मिट्टी लदे दो ट्रैक्टरों को पकड़कर जब्त कर लिया।
वाहनों की जब्ती के बाद इसकी सूचना कटिहार खनन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही खनन निरीक्षक रीना कुमारी कुरसेला थाना पहुंचीं और आवश्यक जांच-पड़ताल की। जांच में अवैध खनन एवं परिवहन की पुष्टि होने पर दोनों ट्रैक्टरों पर कुल 2.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
खनन निरीक्षक रीना कुमारी ने बताया कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, पुलिस ने भी स्पष्ट किया कि अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
Post a Comment