पोठिया प्रखंड के कोल्था पंचायत अंतर्गत सातमेरी वार्ड संख्या-08 स्थित आदिवासी टोला में मंगलवार सुबह सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के गुजरने के दौरान 24 वर्ष पुरानी पुलिया अचानक ध्वस्त हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक को हल्की चोटें आईं, जबकि किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सातमेरी से दिघली गांव की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रैक्टर पुलिया पर पहुंचा, जर्जर पुलिया अचानक भरभराकर टूट गई। ट्रॉली का पिछला हिस्सा मलबे में जा गिरा, जबकि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा सड़क पर अटक गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को बाहर निकाला।
जिला परिषद क्षेत्र संख्या-16 के प्रतिनिधि डॉ. इनामुल ने बताया कि पुलिया का निर्माण करीब 24 वर्ष पूर्व तत्कालीन मुखिया हकीमुद्दीन के कार्यकाल में हुआ था। सड़क निर्माण के समय पुलिया के ऊपर सड़क बना दी गई, लेकिन इसके पुनर्निर्माण की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने प्रशासन से अविलंब नई पुलिया निर्माण की मांग की है।
खदिजा पब्लिक स्कूल के संस्थापक मास्टर मो. हैदर अली ने बताया कि मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत ग्रहणखोदा से दिघली तक सड़क निर्माण हुआ था। लगातार बारिश के कारण पुलिया के नीचे की मिट्टी कट गई थी, जिससे इसकी नींव कमजोर हो गई और भारी वाहन के दबाव में पुलिया टूट गई।
पुलिया टूटने से सातमेरी, पथरिया, बास्मानी, मीराबाड़ी, मल्हाबस्ती, नयाबस्ती, दिघली, मरिया, कोल्था, रतुआ और सिताझाड़ी समेत आसपास के करीब 20 हजार से अधिक लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। वहीं, सातमेरी विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना की सूचना सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद के निजी सहायक एहसान हसन को दी गई है। उन्होंने संबंधित विभाग को जानकारी देकर जल्द मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है।
Post a Comment