सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार देर रात रूईधासा प्रेमपुल के समीप कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक और उसे शरण देने वाले एक स्थानीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन, नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक की पहचान मोहम्मद हसन शेख उर्फ असनुल्ला मल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बांग्लादेश का निवासी है और वर्तमान में उत्तर प्रदेश के बहराइच का पता बता रहा था। वहीं, दूसरा आरोपी जाकिर हुसैन किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के महीनगांव डीलर चौक का निवासी है।
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान बांग्लादेशी नागरिक के पास से एक मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, फर्जी पैन कार्ड, 120 रुपये नकद, एक सिक्का और एक बैग बरामद किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि एक एजेंट की मदद से उसने भारत में फर्जी दस्तावेज तैयार कराए थे।
वहीं, स्थानीय आरोपी जाकिर हुसैन के पास से एक बाइक, मोबाइल फोन, वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड, दो एटीएम कार्ड और नकद रुपये बरामद किए गए हैं।
शुरुआती पूछताछ में बांग्लादेशी नागरिक पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह एजेंट के माध्यम से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। रविवार रात वह ट्रेन से किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचा था और जाकिर हुसैन के साथ उसके घर जा रहा था, तभी पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बांग्लादेशी नागरिक किशनगंज किस उद्देश्य से आया था तथा फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाने वाले नेटवर्क से उसके क्या संबंध हैं। इस कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, अवर निरीक्षक रवि शंकर कुमार, बिक्रम कुमार तथा सदर थाना पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।
Post a Comment