Top News

वेणुगढ़ में विकास की राह में जलजमाव, घुटने भर पानी से गुजर रहे लोग


टेढ़ागाछ प्रखंड की डाकपोखर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-4 स्थित वेणुगढ़ गांव में सड़क और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों का जीवन मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में पूरे गांव में घुटने तक पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना भी कठिन हो गया है। रोजमर्रा के कार्यों के लिए ग्रामीणों को जलजमाव से होकर गुजरना पड़ रहा है।

वार्ड सदस्य प्रतिनिधि शंकर मोहन दास ने बताया कि पक्की सड़क और जल निकासी के लिए नाला निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार पंचायत के मुखिया एवं प्रखंड प्रशासन को लिखित आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जलजमाव बने रहने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र पक्की सड़क का निर्माण कराने तथा स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या से उन्हें राहत मिल सके और गांव में सुचारु आवागमन बहाल हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post