पोठिया। पोठिया थाना क्षेत्र के आमबगान स्थित सिटी नर्सिंग होम में मंगलवार सुबह इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। परिजनों ने नर्सिंग होम के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि आमबगान स्थित सिटी नर्सिंग होम करीब पांच वर्षों से संचालित है, लेकिन अब तक यहां निबंधन बोर्ड नहीं लगाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके के प्रबुद्ध नागरिक मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों व नर्सिंग होम संचालक के बीच वार्ता कर मामले को शांत कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रसव पीड़ा के बाद सोमवार दोपहर करीब तीन बजे महिला को सिटी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। इसके बाद महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया, जो सुरक्षित बताया जा रहा है। लेकिन मंगलवार सुबह करीब सात बजे प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद चिकित्सकों और कर्मियों की लापरवाही के कारण महिला की जान चली गई। मौत के बाद चिकित्सक और अन्य कर्मियों के नर्सिंग होम से चले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
सिटी नर्सिंग होम के संचालक ठाकुरगंज निवासी हाजी जुनैद बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आमबगान क्षेत्र के कई निजी नर्सिंग होम में पूर्व में भी इलाज के दौरान प्रसूता की मौत के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं।
इस मामले में पोठिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शाहिद रजा अंसारी ने बताया कि आमबगान स्थित सिटी नर्सिंग होम का निबंधन है या नहीं, इसकी जानकारी सूची देखने के बाद ही दी जा सकती है। पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सिविल सर्जन राज कुमार चौधरी ने कहा कि नर्सिंग होम के निबंधन सहित अन्य बिंदुओं की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों में प्रसव के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसलिए लोगों को प्रसव के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों का लाभ लेना चाहिए।
Post a Comment