Top News

जनसेवा में आगे एसएसबी, नेत्र शिविर में सैकड़ों लोगों ने कराई आंखों की जांच


19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), ठाकुरगंज द्वारा मंगलवार को वाहिनी मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा एवं नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार कार्यवाहक कमांडेंट एम. ब्रोजेन सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सीमावर्ती ग्रामीणों, संदीक्षा परिवारों, अधिकारियों, जवानों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर आंखों की जांच कराई।

शिविर का संचालन सहायक कमांडेंट (मेडिकल) डॉ. अश्वनी कुमार झा एवं 19वीं वाहिनी की चिकित्सकीय टीम की देखरेख में किया गया। सिलीगुड़ी स्थित ग्रेटर लाइंस आई अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित धारा एवं उनकी टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों से लोगों की आंखों की जांच की। जांच के बाद दृष्टि संबंधी समस्या से पीड़ित लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंदों के बीच नि:शुल्क चश्मों का वितरण किया गया।

इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम, धूल-धुएं से बचाव और मोबाइल व कंप्यूटर स्क्रीन के अधिक उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। साथ ही समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने की सलाह भी दी गई।

शिविर में बड़ी संख्या में सीमावर्ती ग्रामीणों, बलकर्मियों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही। लोगों ने एसएसबी की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।

इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट एम. ब्रोजेन सिंह ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल केवल सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उत्पादित दूध, दही, पनीर, मांस, मछली, अंडे और सब्जियों जैसी वस्तुओं की खरीद को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक मजबूती मिल रही है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ आंखें जीवन के सपनों को साकार करने का आधार हैं और जनसेवा ही सशस्त्र सीमा बल की पहचान है।

Post a Comment

Previous Post Next Post