Top News

बिजली गुल होने के बाद घर से निकला किशोर नहीं लौटा, पुलिस तलाश में जुटी



कोढ़ा प्रखंड के बहरखाल पंचायत अंतर्गत रमेली गांव से 13 वर्षीय किशोर के लापता होने के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। शुक्रवार रात घर से निकला किशोर अब तक वापस नहीं लौटा है। परिजनों की शिकायत पर रौतारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

लापता किशोर की पहचान रमेली गांव निवासी मंगल महतो के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात बिजली गुल होने के कारण गर्मी से परेशान होकर सत्यम घर के समीप स्थित नहर की ओर टहलने निकला था। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। परिवार वालों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चल सका।

घटना के बाद किशोर के पिता मंगल महतो ने रौतारा थाना पहुंचकर पुत्र की सकुशल बरामदगी की मांग करते हुए लिखित आवेदन दिया। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर किशोर की तलाश की जा रही है।

इधर, बेटे के अचानक गायब होने से परिजन सदमे में हैं। घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ है। पूरे गांव में किशोर के लापता होने को लेकर बेचैनी और चिंता का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सत्यम कुमार के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल रौतारा थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि किशोर को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post