Top News

पूर्णिया जेल में सजायाफ्ता कैदी की मौत, जीएमसीएच में इलाज के दौरान तोड़ा दम



पूर्णिया केंद्रीय कारागार में बंद सजायाफ्ता कैदी मो. नियाज आलम (55) की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। स्वास्थ्य स्थिति गंभीर होने के बाद जेल प्रशासन ने उन्हें इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा, जहां चिकित्सकों ने ईसीजी जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान कटिहार जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौधरी मोहल्ला निवासी मो. नियाज आलम के रूप में हुई है। जेल प्रशासन के अनुसार वह पहले से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद तत्काल उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

केंद्रीय कारा अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मो. नियाज आलम सजायाफ्ता बंदी थे और लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

परिजनों के अनुसार मो. नियाज आलम वर्ष 2013 से हत्या के एक मामले में जेल में बंद थे। वर्ष 2021 में उन्हें कटिहार मंडल कारा से स्थानांतरित कर पूर्णिया केंद्रीय कारागार भेजा गया था। परिजनों का कहना है कि उनकी सजा की अवधि भी जल्द पूरी होने वाली थी।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी परिवार को पहले नहीं दी गई। अचानक मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
इधर, शव के पोस्टमार्टम के लिए मजिस्ट्रेट की निगरानी में कमिटी गठित की गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post