मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच-91 पर कठोतिया मोड़ के पास शनिवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान धरहरा वार्ड संख्या-4 निवासी रत्नेश मंडल के पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद संजीव सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने उसे ऑटो से मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार छात्र की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
मृतक की मां ने बताया कि संजीव शनिवार को स्कूल गया था। वह स्कूल से निकलकर कठोतिया मोड़ कैसे पहुंचा और किस वाहन ने टक्कर मारी, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। पिता रत्नेश मंडल पंजाब में मजदूरी करते हैं, जबकि मां सिलाई-कढ़ाई कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। संजीव परिवार का सबसे छोटा बेटा था। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए जांच की जा रही है।
Post a Comment