किशनगंज जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र में पंचायत के बहाने एक महिला को होटल ले जाकर दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 28 जुलाई की रात उसकी बेटी से जुड़े विवाद के समाधान के लिए पंचायत कराने के बहाने उसे, उसके पति और बेटी को एक वाहन से ले जाया गया। आरोप है कि रास्ते में उसके पति को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद उसे किशनगंज स्थित एक होटल में ले जाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि पहले उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। जब इसमें सफलता नहीं मिली तो बेटी को दूसरे कमरे में भेज दिया गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया।
महिला ने शिकायत में कहा है कि विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मामला दबाने के लिए पांच लाख रुपये का लालच भी दिया। पीड़िता ने आरोपी को प्रभावशाली बताते हुए आरोप लगाया कि वह लगातार धमकी दे रहा है। उसने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामले में कांड संख्या 120/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच जारी है।
Post a Comment