बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक तौसीफ आलम ने भाजपा सांसद कंगना रनौत को लेकर विवादित बयान दिया है। छात्र आंदोलन को लेकर कंगना रनौत की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने उन पर तीखा हमला बोला और कहा कि वह "नाचने वाली" हैं तथा "अंग प्रदर्शन के जरिए प्रसिद्धि प्राप्त करने वाली" रही हैं।
तौसीफ आलम ने कहा कि वह कंगना की तरह अपनी जुबान खराब नहीं करना चाहते, लेकिन उनका अतीत सबके सामने है। उन्होंने कहा कि कंगना पहले फिल्मों में अभिनय करती थीं और अब सांसद होने के नाते उन्हें अपने सार्वजनिक जीवन और पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। विधायक ने यह भी कहा कि जब उनकी फिल्में नहीं चलीं, तब वह राजनीति में आ गईं।
विधायक ने आरोप लगाया कि कंगना रनौत छात्र आंदोलन करने वालों पर सवाल उठा रही हैं, जबकि लोकतंत्र में अपनी बात रखना और शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें सांसद बनाया है, इसलिए उन्हें अपने पद की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए और ऐसी भाषा से बचना चाहिए जिससे विवाद पैदा हो।
तौसीफ आलम ने आगे कहा कि कंगना रनौत को "अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।" उनके अनुसार, छात्र देश का भविष्य हैं और आंदोलन कर रहे छात्रों को "गटर का" बताना पूरी तरह अनुचित और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
विधायक के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ गई है। वहीं, इस मामले में कंगना रनौत या भाजपा की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Post a Comment