:
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी, अभद्र भाषा के प्रयोग और जान से मारने का संकेत देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ ठाकुरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विधायक द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को बिहार विधानसभा में सुरजापुरी मुस्लिम समाज को ईबीसी का दर्जा देकर आरक्षण दिए जाने के मुद्दे पर दिए गए उनके वक्तव्य की फोटो फेसबुक पर पोस्ट की गई थी। आरोप है कि इस पोस्ट पर मोहम्मद शाहिद उर्फ बाबूवा भाई नामक फेसबुक आईडी से उनकी मां के संबंध में अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। साथ ही उनकी तस्वीर पर लाल रंग से क्रॉस (X) का निशान लगाया गया, जिसे विधायक ने जान से मारने की धमकी का संकेत बताया है।
आवेदन में विधायक ने कहा है कि इस कृत्य से उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपित कटिहार जिले के कदवा क्षेत्र का निवासी है और उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 231/26 दर्ज कर लिया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2), 352, 356 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(D) और 67 के तहत दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक अंकित सिंह को सौंपी गई है।
Post a Comment