Top News

फेसबुक स्टेटस के बाद नर्स की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप


 शहर के मोहिद्दीनपुर वार्ड संख्या-1 स्थित एक हॉस्टल के कमरे में बुधवार को एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गुजरिया निवासी मोहम्मद कलीम की पुत्री तजल्ली खातून के रूप में हुई है। वह शहर के पश्चिम पाली स्थित रेडिएंट हॉस्पिटल में नर्स के पद पर कार्यरत थी और इरशाद आलम के हॉस्टल में किराए पर रहती थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि इस घटना के पीछे रेडिएंट हॉस्पिटल के कुछ कर्मचारियों का हाथ हो सकता है। परिजनों का कहना है कि तजल्ली खातून ने घटना से कुछ समय पहले ही अपने फेसबुक अकाउंट पर एक खुशमिजाज स्टेटस पोस्ट किया था। ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत कई सवाल खड़े कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post