:
टेढ़ागाछ प्रखंड के फुलवारी से फुलवरिया जाने वाली मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क पर बना कलवर्ट गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो सकता है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क का निर्माण लगभग तीन वर्ष पूर्व हुआ था, लेकिन इतनी कम अवधि में ही सड़क और कलवर्ट की स्थिति जर्जर हो गई है। उनका कहना है कि सड़क अभी भी मेंटेनेंस अवधि में है, इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है।
ग्रामीण दिलनवाज़, रफीक आलम, तनवीर आलम और सोहिल ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि कलवर्ट का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। प्रतिदिन इस मार्ग से स्कूली बच्चे, किसान, व्यापारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण आवाजाही करते हैं, जिन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से मामले की जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा करने, दोषी अधिकारियों एवं संवेदक पर कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त कलवर्ट की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
इस संबंध में कनीय अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क और कलवर्ट की जानकारी विभाग को है तथा जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
Post a Comment