Top News

सड़क, नल-जल और राशन कार्ड की समस्याओं को लेकर सौंपा मांग पत्र


बारसोई प्रखंड के वार्ड संख्या 26 के जिला परिषद सदस्य मो. गुलजार ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने अधूरे सड़क, पुल एवं पुलिया निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने सहित कई जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

मांग पत्र में बताया गया कि काजीटोला से बारियोल जाने वाली सड़क बरसात के दिनों में पूरी तरह जलमग्न हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा नल-जल योजना, राशन कार्ड तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।

मांग पत्र प्राप्त करने के बाद जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधूरे सड़क, पुल-पुलिया निर्माण, नल-जल योजना एवं राशन कार्ड संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
आश्वासन मिलने पर जिला परिषद सदस्य मो. गुलजार ने जिला परिषद अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। वहीं वार्ड संख्या 26 के लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित विकास कार्यों में अब तेजी आएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post