बहादुरगंज थाना क्षेत्र के समेसर गुवाबाड़ी गांव में घर से पानी के मोटर समेत अन्य सामान चोरी के मामले में बहादुरगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी का सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि उसका पुत्र पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, समेसर गुवाबाड़ी निवासी रोजी बेगम, पति असफाक आलम ने अपने घर से पानी के मोटर समेत अन्य सामान चोरी होने को लेकर बहादुरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में कांड संख्या 502/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
अनुसंधान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी का सामान बिलासी गांव स्थित एक घर में रखा गया है। सूचना के आधार पर रविवार देर रात पुलिस टीम ने बिलासी गांव में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने चोरी किया गया पानी का मोटर समेत अन्य सामान बरामद करते हुए मौके से मां-बेटे को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान नईमा खातून, पति मो. इब्राहिम, जबकि उसके पुत्र की पहचान अलमास उर्फ राजा, दोनों निवासी बिलासी गांव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान अनुसंधानकर्ता विकास कुमार ई-साक्ष्य एप के माध्यम से बरामद सामान और घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी अलमास उर्फ राजा पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि चोरी के मामले में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी का सामान बरामद किया गया और मां-बेटे को पकड़ा गया था। हालांकि, ई-साक्ष्य की कार्रवाई के दौरान आरोपी पुत्र अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। वहीं गिरफ्तार महिला को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Post a Comment