कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र के देवीपुर चौक के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कटिहार की ओर से आ रही यात्रियों से भरी शोभा ट्रेवल्स बस और तीन युवकों सवार एक बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर कुरसेला थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरसेला पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने खैरा लालचंद निवासी जितेंद्र साह (पिता–सुधीर साह) को मृत घोषित कर दिया। वहीं रोशन कुमार और सूरज कुमार, दोनों समेली निवासी, गंभीर रूप से घायल पाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने समेली अस्पताल चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक से दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हो सका।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment