Top News

स्वास्थ्य उपकेंद्र में दूसरी बार चोरी, ताला तोड़ रेफ्रिजरेटर समेत सरकारी सामान ले उड़े चोर


मधेपुरा जिले के मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत स्वास्थ्य उपकेंद्र पोखराम में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के सरकारी सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने मुरलीगंज थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार बुधवार की शाम ओपीडी सेवा समाप्त होने के बाद उपकेंद्र में ताला लगाकर सभी कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे जब सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) कुंदन कुमार, एएनएम संगीता कुमारी और एएनएम खुशबू कुमारी ड्यूटी पर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला।

अंदर जाकर जांच करने पर उपकेंद्र से एक रेफ्रिजरेटर, एक सीलिंग फैन और एक मंत्रा बायोमैट्रिक डिवाइस गायब मिले। चोरी की इस घटना से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने बताया कि इसी वर्ष 5 फरवरी को भी इसी स्वास्थ्य उपकेंद्र में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद दोबारा चोरी होने से उपकेंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना की सूचना सिविल सर्जन, मधेपुरा को भी दे दी गई है। स्वास्थ्य कर्मियों ने पुलिस से मामले की शीघ्र जांच कर चोरी गए सरकारी सामान की बरामदगी तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post