पोठिया प्रखंड के छत्तरगाछ सब्जी मार्केट स्थित मोहम्मदी जामा मस्जिद में गुरुवार तड़के दान पेटी का ताला तोड़कर रुपये चोरी करने का प्रयास कर रहे एक युवक को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में छत्तरगाछ पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे एक युवक मस्जिद में दाखिल हुआ और लोहे की रॉड से दान पेटी का लॉक तोड़ दिया। इसके बाद पेटी में रखे छह हजार रुपये से अधिक की राशि निकालकर गमछे में बांधकर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ताला टूटने की आवाज सुनकर मस्जिद के मुअज्जिन सजफिरुल अशरफी मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया।
बताया जाता है कि भागने के दौरान आरोपी ने मुअज्जिन पर हमला करने का प्रयास किया, जिससे उन्हें हल्की चोट आई। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया।
आरोपित की पहचान 33 वर्षीय जाहिद, पिता जमशेद, निवासी सियालडांगा, थाना कुर्लिकोट के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि वह नशे का आदी है और नशे के लिए पैसे नहीं होने के कारण मस्जिद की दान पेटी तोड़कर चोरी का प्रयास किया।
घटना की सूचना पर छत्तरगाछ कैंप प्रभारी शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सरपंच प्रत्याशी नजरुल इस्लाम ने कहा कि मंदिर-मस्जिद लोगों की आस्था के केंद्र हैं। मस्जिद में चोरी के प्रयास से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रहे नशे के सेवन को लेकर भी चिंता जताई।
Post a Comment