Top News

फारबिसगंज में सुपर हमसफर बस कंपनी के चार ठिकानों पर आयकर का छापा, अधिकारियों से मारपीट


फारबिसगंज में सुपर हमसफर बस कंपनी के प्रोपराइटर मो. अफसार आलम से जुड़े चार ठिकानों पर बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने एक साथ छापेमारी की। उपनिदेशक अन्वेषण सुनीता कुमारी के नेतृत्व में बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे एक दर्जन से अधिक अधिकारी व कर्मी कार्रवाई में शामिल बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार आयकर टीम ने सुभाष चौक, पटना बस स्टैंड, एनएच-27 स्थित रामपुर पेट्रोल पंप के समीप कंपनी के वर्कशॉप व कार्यालय तथा रामपुर दक्षिण स्थित अफसार आलम के आवास पर कार्रवाई की। इस दौरान अधिकारियों ने लेखा-जोखा, वित्तीय दस्तावेज, बैंक खातों, कंप्यूटर डेटा और अन्य रिकॉर्ड की जांच की।

इधर, रामपुर दक्षिण स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान आयकर अधिकारियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में उपनिदेशक अन्वेषण सुनीता कुमारी समेत चार अधिकारियों के घायल होने की बात कही जा रही है। अधिकारियों के मोबाइल जबरन ले लिए जाने का भी आरोप है। घायल अधिकारियों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सुपर हमसफर बस के प्रोपराइटर मो. अफसार आलम, उनके भाई मो. असलम समेत एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है। फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आयकर अधिकारी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की जांच में दस्तावेजों में कथित हेराफेरी, आय छिपाने और टैक्स चोरी से जुड़े तथ्य सामने आने की बात कही जा रही है। सालाना करीब 100 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी की चर्चा भी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि आयकर विभाग की ओर से अभी नहीं की गई है। फिलहाल जांच जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post