Top News

कुरसेला रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाने का निर्देश


सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम अमित शरण ने बुधवार को कुरसेला रेलवे स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों को मिल रही सुविधाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान साफ-सफाई, शौचालय, स्टेशन कार्यालय, इंजीनियरिंग रूम समेत अन्य स्थानों का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली।

डीआरएम ने स्टेशन परिसर में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कुरसेला रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म का जल्द ऊंचीकरण किया जाएगा। इससे यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने और उतरने में सुविधा मिलेगी तथा सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी। डीआरएम ने स्टेशन की साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्टेशन मास्टर पंकज कुमार सहित रेलवे के संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। डीआरएम ने स्टेशन परिसर में नियमित साफ-सफाई और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post