चंद्रमणि कन्या विद्यालय परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं की विभिन्न समस्याओं और सुझावों से अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
शिविर का उद्घाटन बीडीओ गोपाल कृष्णन, प्रभारी बीईओ बबीता कुमारी, सीओ किसलय कुमार एवं वार्डेन गीता कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर देना है, ताकि उन्हें शिकायतों के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। समस्याओं का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
बीडीओ ने बताया कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से छात्र-छात्राएं ऑनलाइन शिकायत एवं सुझाव दर्ज कर सकेंगे तथा अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को शिक्षण संस्थानों में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा, छात्रावास, पेयजल, शौचालय, कैंटीन समेत विद्यार्थियों से जुड़ी अन्य समस्याओं की सुनवाई होगी। विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट में नए और उपयोगी नवाचार को स्टार्टअप से जोड़ने तथा उन्हें नए विचारों के लिए प्रोत्साहित करने की भी जानकारी दी गई। मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद थीं।
Post a Comment