Top News

गुलाबबाग जीरो माइल बनेगा ‘गेटवे ऑफ पूर्णिया’, सौंदर्यीकरण का काम शुरू


**पूर्णिया।** गुलाबबाग जीरो माइल गोलंबर को पूर्णिया के भव्य प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने की दिशा में एनएचएआई ने कार्य शुरू कर दिया है। सोमवार को विधायक विजय खेमका ने एनएचएआई की इंजीनियरिंग टीम के साथ जीरो माइल गोलंबर का निरीक्षण कर प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली।

एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार गोलंबर पर आकर्षक लोटस फाउंटेन, एलईडी लाइटिंग, सीसीटीवी कैमरे, सजावटी प्रकाश व्यवस्था, हरियाली और लैंडस्केपिंग के साथ चारों दिशाओं से आने वाले लोगों के लिए भव्य प्रवेश द्वार विकसित करने की योजना है।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि लंबे समय से गुलाबबाग जीरो माइल को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा था। इसका उद्देश्य जीरो माइल को पूर्णिया की पहचान और आधुनिक ‘गेटवे ऑफ पूर्णिया’ के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि पूर्णिया सीमांचल के साथ-साथ नेपाल, पश्चिम बंगाल और असम की ओर जाने वाले मार्गों का महत्वपूर्ण केंद्र है। जीरो माइल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में इसका भव्य और आकर्षक स्वरूप पूर्णिया की पहचान को और मजबूत करेगा।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्णिया और सीमांचल के विकास को नई गति मिली है। पूर्णिया को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन जैसी परियोजनाओं की सौगात मिली है। वहीं, पूर्णिया एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भी राशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ‘बढ़ता पूर्णिया, विकसित पूर्णिया और समृद्ध पूर्णिया’ हमारा संकल्प है।

निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के साइट इंजीनियर दिपोंजन साह, प्रयंजीत घोष सहित भाजपा नेता चंदन पासवान, पवन सहनी, जय किशन साह, संजय चौधरी, कन्हैय चौधरी, अरविंद पासवान, अर्जुन पासवान, विष्णुदेव ऋषि, सजित सिंह, बिनोद मंडल, सतीश साह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post