सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को कुरसेला शहीद चौक स्थित मनकामेश्वर शिव मंदिर सहित प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव, बोल बम और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की कामना की।
अहले सुबह श्रद्धालु त्रिमोहनी संगम तट पहुंचे और पवित्र स्नान कर गंगाजल लेकर मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचे। यहां जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा व सुविधा के इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर व आसपास पुलिस बल की तैनाती रही। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
अंतिम सोमवारी पर मखदमपुर पंचायत स्थित शिवधाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, पुष्प, दूध और जल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन में भगवान शिव की आराधना से मन को शांति मिलती है और परिवार में सुख-शांति व समृद्धि बनी रहती है। शिवधाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की व्यवस्था में मेला कमेटी के समाजसेवी अरविंद दास, मेला अध्यक्ष सुजीत यादव, उपाध्यक्ष सह सरपंच सुमन कुमार रजक, सचिव प्रहलाद कुमार, कोषाध्यक्ष आशीष कुमार पोद्दार सहित छोटू यादव, अनिल सिन्हा, पुनीत सिन्हा, मुकुंद सिंह, मिथलेश सिंह, त्रिदेव कुमार और राहुल कुमार गुप्ता ने सहयोग किया।
Post a Comment