Top News

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण से आंगनबाड़ी भवन निर्माण पर संकट


बारसोई प्रखंड क्षेत्र के भवानीपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-11 के पुरिया गांव में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए चयनित बिहार खास जमीन पर कथित रूप से अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा जमीन पर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण प्रभावित होने की आशंका है।

स्थायी वार्ड सदस्य मनवारूल हक ने इस संबंध में अंचल पदाधिकारी बारसोई को लिखित आवेदन देकर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में चैनुद्दीन, साजिर, नाजिर, एहशम, मुजाहिद और मुजम्मिल समेत कुछ लोगों पर कथित अतिक्रमण का आरोप लगाया गया है।

वार्ड सदस्य ने बताया कि मामले की सूचना पहले भी अंचल प्रशासन और आबादपुर थाना को दी गई थी। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी योजना के तहत प्रस्तावित आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण में बाधा उत्पन्न हो सकती है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित पक्ष का पक्ष भी सामने नहीं आया है। अब अंचल प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post