Top News

विद्यार्थी सहयोग शिविर में छात्राओं ने अधिकारियों के समक्ष रखे सुझाव


कुरसेला प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को राजकीय डिग्री कॉलेज, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय टाइप-1 एवं टाइप-4 में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया गया।

शिविर में अंचल पदाधिकारी अनुपम, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शांतनु ठाकुर, राजस्व अधिकारी उत्तम कुमार, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, ऑपरेटर रवि कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। शिक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित शिविर में छात्राओं ने पढ़ाई और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव सीधे अधिकारियों के समक्ष रखे। छात्राओं ने आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।

अधिकारियों ने छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान का भरोसा दिलाया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शांतनु ठाकुर ने कहा कि छात्राओं की शैक्षणिक जरूरतों और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं से बिना किसी झिझक अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की।

अंचल पदाधिकारी अनुपम ने बताया कि सरकार के सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के उद्देश्य से प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यालयों में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 25 अगस्त से की गई है। शिविर के माध्यम से छात्राओं और अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा तथा उनकी शिकायतों और सुझावों को दर्ज कर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post