मध्य विद्यालय, बहादुरगंज परिसर में बुधवार को बहादुरगंज, दिघलबैंक और टेढ़ागाछ प्रखंड के प्रधान शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान शिक्षक रागिबुर्रहमान ने की, जबकि संचालन विक्रम मिश्रा ने किया। बैठक में तीनों प्रखंडों के अलावा किशनगंज प्रखंड से भी करीब 10-15 प्रधान शिक्षक शामिल हुए।
बैठक में प्रधान शिक्षकों से जुड़ी लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मूल वेतन, वेतन संरक्षण, बकाया एरियर भुगतान, मिशन गुणवत्ता के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि प्रधान शिक्षक विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे विद्यालय संचालन के साथ विभागीय कार्यों का भी निष्पादन कर रहे हैं, ऐसे में उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान जरूरी है। वेतन संरक्षण और बकाया एरियर के भुगतान को लेकर विभागीय स्तर पर उचित पहल की मांग की गई।
बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही प्रधान शिक्षकों ने आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए अपनी जायज समस्याओं के समाधान के लिए संगठित और सकारात्मक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।
Post a Comment