ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व जिले में पूरे अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में जगह-जगह जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। मुख्य जुलूस बदबे अदब उर्दू लाइब्रेरी से सीरत कमेटी के नेतृत्व में निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए।
जुलूस चूड़ी पट्टी, सौदागर पट्टी, गांधी चौक, डे मार्केट और खगड़ा होते हुए लाइन पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में बच्चे, युवा और बुजुर्ग हाथों में धार्मिक झंडे लेकर नबी की शान में नारे लगाते चल रहे थे। रास्ते में सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा शरबत और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई थी।
बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
गांधी चौक पर बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा, नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान, मिक्की साहा, मनीष जालान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने लोगों को ईद मिलाद-उन-नबी की शुभकामनाएं दीं।
Post a Comment