Top News

रक्षाबंधन में पति को मिठाई लाने भेजा, इधर पत्नी प्रेमी संग हो गई फरार

रक्षाबंधन पर पत्नी को मायके पहुंचाने निकले पति ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि रास्ते में मिठाई लेने जाना उसके लिए इतना बड़ा झटका बन जाएगा। पत्नी ने पति से कहा कि रक्षाबंधन है, मिठाई भी चाहिए, पति मिठाई लेने दुकान पर गया और वापस लौटा तो बाइक के पास से पत्नी ही गायब थी। काफी खोजबीन के बाद जो कहानी सामने आई, उसने पूरे मामले को फिल्मी अंदाज दे दिया।
मामला मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के चौसा बस स्टैंड का है। पुलिस के अनुसार नवविवाहिता तारावती कुमारी अपने पति पिंटू कुमार के साथ मायके पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के सुखसेना जा रही थी। दोनों की शादी को अभी महज 19 दिन ही हुए थे।

पति को मिठाई लेने भेजा… पीछे से प्रेमी की बाइक पर बैठकर हो गई फरार!
जानकारी के मुताबिक, भागलपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चकरामी निवासी पिंटू कुमार अपनी पत्नी तारावती को बाइक से लेकर रक्षाबंधन के मौके पर उसके मायके जा रहा था। रास्ते में पूर्णिया-मधेपुरा सीमा के पास चौसा बस स्टैंड पर दोनों रुके। बताया जाता है कि तारावती ने पति से कहा कि रक्षाबंधन में मिठाई भी लगेगी, इसलिए कोई अच्छी मिठाई लेकर आएं। पति पत्नी की बात मानकर उसे बस स्टैंड पर छोड़कर पास की मिठाई की दुकान पर चला गया।
लेकिन पिंटू जब मिठाई लेकर वापस लौटा तो न पत्नी थी और न ही उसका कोई पता। अचानक पत्नी के गायब होने से पति के होश उड़ गए। उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन तारावती कहीं नहीं मिली। इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने ससुराल वालों को दी। बेटी के गायब होने की खबर मिलते ही परिवार के लोग भी चौसा बस स्टैंड पहुंच गए और काफी खोजबीन शुरू कर दी।
रात 12 बजे पुलिस को दी सूचना, दो घंटे में बरामद हुई नवविवाहिता
काफी तलाश के बाद भी जब तारावती का कोई सुराग नहीं मिला तो रात करीब 12 बजे डायल-112 को सूचना दी गई।
डायल-112 की टीम में शामिल राहुल राज और चालक चंद्रशेखर यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से जानकारी जुटाई और मोबाइल टावर लोकेशन समेत अन्य सुरागों के आधार पर तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम कथित प्रेमी उत्कर्ष कुमार के परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरवा स्थित घर पहुंची। वहां उत्कर्ष को पकड़कर पूछताछ की गई।

पूछताछ में खुला राज- प्रेमी ने बताया कहां छिपी है युवती

पुलिस के अनुसार पूछताछ में उत्कर्ष कुमार ने बताया कि तारावती को उसकी मां के घर राघोपुर बहतरा में रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए वहां मौजूद डायल-112 टीम को सूचना दी। वैशाली चौक की डायल-112 टीम में शामिल नागेश्वर साह और चालक संजय यादव तत्काल राघोपुर बहतरा के लिए रवाना हुए।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12 बजे शिकायत मिलने के बाद लगभग दो बजे नवविवाहिता को बरामद कर लिया गया। यानी महज करीब दो घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए युवती को खोज निकाला।

शादी से पहले प्रेम प्रसंग की चर्चा, परिवार ने कराई थी जल्द शादी!

मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस और परिजनों के मुताबिक, पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के सुखसेना निवासी तारावती कुमारी की शादी 7 अगस्त को भागलपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चकरामी निवासी पिंटू कुमार से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी से पहले तारावती का परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरवा निवासी उत्कर्ष कुमार के साथ कथित प्रेम प्रसंग था। परिजनों को इसकी जानकारी होने की बात भी सामने आई है। बताया जाता है कि परिवार ने युवती की शादी पिंटू कुमार से करा दी। लेकिन शादी के महज 19 दिन बाद रक्षाबंधन के मौके पर पहली विदाई के दौरान यह पूरा घटनाक्रम सामने आ गया। पुलिस के अनुसार, युवती ने अपने आने की जानकारी कथित प्रेमी को पहले ही दे दी थी। आरोप है कि चौसा बस स्टैंड पहुंचने के बाद उसने पति को मिठाई लेने भेजा और इसी दौरान पहले से तैयार कथित प्रेमी की बाइक पर बैठकर चली गई।
कथित प्रेमी भी पकड़ा गया
पुलिस ने मामले में तारावती के कथित प्रेमी उत्कर्ष कुमार, पिता संजय मंडल, निवासी बोरवा, थाना परबत्ता को भी पकड़ लिया। बरामदगी के बाद तारावती और उत्कर्ष कुमार को जांच-पड़ताल तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए परबत्ता थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
रक्षाबंधन के दिन मिठाई लेने भेजे गए पति की कहानी इसलिए चर्चा में है, क्योंकि जिस पत्नी को वह मायके पहुंचाने निकला था, वही कथित तौर पर रास्ते में अपने पुराने प्रेमी के साथ चली गई—और शादी के महज 19 दिन बाद ही रिश्ते की यह कहानी पुलिस तक पहुंच गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post