फलका (कटिहार)।** फलका थाना क्षेत्र में यात्री बसों पर गोलीबारी और रंगदारी मांगने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी बुलेट यादव उर्फ विक्रम कुमार भारती ने पुलिस की लगातार दबिश के बाद फलका थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, फलका-कटिहार मार्ग पर बसों के परिचालन और टाइमिंग विवाद के बीच बस संचालकों से कथित तौर पर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी नहीं देने पर फलका बाजार स्थित धर्मकांटा के समीप खड़ी तीन यात्री बसों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें बसों के आगे के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना के बाद बस संचालकों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया था।
पुलिस के अनुसार, फलका थाना कांड संख्या 214/26, दिनांक 23 अगस्त 2026 में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(3), 308(4), 324(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज है। आरोपी बाजराहा दियारा, थाना धमदाहा, जिला पूर्णिया निवासी ओम प्रकाश यादव का पुत्र बताया गया है।
एसडीपीओ सदर-2 सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी पर पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
Post a Comment