गंगा समग्र कटिहार जिला के स्वयंसेवकों ने भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा के नमामि गंगे घाट पर स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने घाट की साफ-सफाई कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संदेश दिया।
गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’ एवं जिला सहसंयोजक के नेतृत्व में आयोजित अभियान में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सुल्तानगंज से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवरिया गंगाजल लेकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम एवं बासुकीनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए रवाना होते हैं। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं के बीच गंगा संरक्षण और स्वच्छता के प्रति विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
जिला संयोजक नवीन चौधरी ने कहा कि गंगा समग्र के स्वयंसेवक कटिहार के काढ़ागोला घाट पर भी लगातार स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। देश के प्रमुख उत्तरवाहिनी गंगा घाट सुल्तानगंज में अभियान चलाकर पूरे देश को मां गंगा के संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि मां गंगा हमारी जीवनरेखा है। गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। गंगा की स्वच्छता मानव जीवन और पर्यावरण दोनों के लिए बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम में मुख्य सहयोगी के रूप में एनएमसीजी एवं भागलपुर जिला गंगा समिति के महादेव रजक का सराहनीय सहयोग रहा। स्वच्छता अभियान में गंगा समग्र के आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, घाट प्रमुख राजकुमार साह, सुशील राय, लक्ष्मण भगत, राहुल राज, बिपिन भगत, बबलू सिंह, कामदेव सोनी सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय योगदान दिया।
Post a Comment