सीमांचल में खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जुटा पूर्णिया रन क्लब अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रहा है। दिल्ली में 23 अगस्त को आयोजित होने वाली ‘टफमैन इंडिया-थर्ड एडिशन’ मैराथन में भाग लेने के लिए पूर्णिया रन क्लब का नौ सदस्यीय दल गुरुवार को दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
प्रतियोगिता में पूर्णिया के धावक देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले एथलीटों के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। क्लब के सदस्यों ने बताया कि सभी धावक पिछले कई महीनों से रंगभूमि मैदान में नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में सुमिरन कार्की, प्रीतम आनंद, विकास आदित्य, शौर्य रॉय, रवि रंजन, आयुष ठाकुर, ऋतिक मिश्रा, अमन वर्मा और डॉ. हिमांशु हिस्सा लेंगे। क्लब के सदस्यों के अनुसार, उन्होंने इसी वर्ष मार्च से नियमित दौड़ और फिटनेस अभ्यास शुरू किया है। उनका उद्देश्य मैराथन में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ-साथ युवाओं और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी है।
क्लब 25 से 40 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों को भी नियमित दौड़ और फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है। दिल्ली रवाना होने से पूर्व गुरुवार सुबह रंगभूमि मैदान में विदाई सह शुभकामना समारोह आयोजित किया गया। इसमें पूर्णिया एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों, कोचों और स्थानीय एथलीटों ने सभी धावकों का उत्साहवर्धन किया तथा माला पहनाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
वक्ताओं ने कहा कि पूर्णिया से किसी संगठित रनिंग क्लब के बैनर तले एक साथ नौ धावकों का राष्ट्रीय स्तर की मैराथन में हिस्सा लेना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी धावकों के बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Post a Comment