हसनपुर में इंसानियत और मानवता की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। हसनपुर ब्लॉक रोड स्थित खुशी ऑटो गैरेज के मालिक किशोर चौधरी ने सड़क पर असहाय और बेसहारा हालत में भटक रहे एक व्यक्ति की मदद कर समाज के सामने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।
शुक्रवार को किशोर चौधरी की नजर सड़क पर भटक रहे एक बेसहारा व्यक्ति पर पड़ी। उसकी हालत देखकर उन्होंने उसे अपने पास बुलाया और मदद करने का निर्णय लिया। सबसे पहले उस व्यक्ति को साफ पानी से नहलाया गया। इसके बाद उसके बढ़े हुए बाल कटवाए गए तथा उसे नए कपड़े और नई चप्पल पहनाई गई। बाद में उसे भरपेट भोजन भी कराया गया।
कुछ समय पहले तक सड़क पर असहाय अवस्था में भटक रहा यह व्यक्ति जब साफ-सुथरे कपड़े पहनकर सम्मान और अपनापन पाकर भावुक हो गया। इस दौरान किशोर चौधरी ने उसके साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता का परिचय दिया।
किशोर चौधरी ने कहा कि सड़क पर भटक रहे किसी असहाय व्यक्ति का सहारा बनकर उन्हें बेहद खुशी महसूस होती है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद केवल पैसे देकर ही नहीं, बल्कि भोजन, फल, साफ पानी, कपड़े, चप्पल, कंबल और स्वच्छता से जुड़ी सामग्री देकर भी की जा सकती है।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि जरूरतमंद व्यक्तियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें छोटे रोजगार से जोड़ने, दुकान, गैरेज या अन्य स्थानों पर काम सीखने में सहयोग करना चाहिए। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, बीमार होने पर सरकारी अस्पताल तक पहुंचाने तथा आधार कार्ड और राशन कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज बनवाने में भी मदद करनी चाहिए।
किशोर चौधरी ने कहा कि आगे भी वे इसी तरह मानवता और सेवा के कार्यों को जारी रखते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का प्रयास करेंगे। उनका यह नेक कार्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित कर रहा है। इस मानवीय कार्य में विकास कुमार साह, मोनज पासवान, अभिषेक कुमार, एमडी सोनू और दिलखुश कुमार ने भी सहयोग किया।
Post a Comment