Top News

रिटायर्ड आर्मी जवान निकला गांजा तस्कर, 80.900 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार



किशनगंज। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 80.900 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार भी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एसपी संतोष कुमार ने गुरुवार को बताया कि किशनगंज के रास्ते दरभंगा गांजा की खेप ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर कोचाधामन थाना क्षेत्र के पुनास के समीप वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान रहमतपाड़ा चौक की ओर से तेज रफ्तार से आ रही बीआर 11 बीजे 1165 नंबर की अर्टिगा को घेराबंदी कर रोका गया।

तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखे सूटकेस और बैग से 80.900 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने उत्तराखंड के देहरादून निवासी विपिन पवार (59) और खगड़ा मझिया निवासी मुजिबुर रहमान (56) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा असम से दरभंगा पहुंचाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार विपिन पवार रिटायर्ड आर्मी जवान है और वर्तमान में नागालैंड में रहकर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा है। एसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान किया जा रहा है। अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post