Top News

मुरलीगंज में बेखौफ बदमाशों का तांडव, युवक को गोलियों से भूना


मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दिनापट्टी सखुआ पंचायत स्थित सखुआ गांव के पास नहर पर बुधवार शाम करीब चार बजे बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद चार-पांच की संख्या में आए बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल युवक की पहचान सखुआ वार्ड संख्या-10 निवासी फूलचंद पासवान के 24 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने उसे गंभीर अवस्था में मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा रेफर कर दिया गया।

घायल की पत्नी लवली देवी ने बताया कि घटना से पहले पांच-छह बदमाश उनके घर पहुंचे और दिलखुश के बारे में पूछताछ की। उन्हें बताया गया कि वह नहर की ओर गया है। इसके बाद सभी बदमाश नहर की तरफ चले गए। शक होने पर परिजन भी पीछे-पीछे पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश दिलखुश की पिटाई कर चुके थे और उसे गोली मार दी। इसके बाद सभी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। परिजनों के अनुसार, दिलखुश को दो गोलियां लगी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और जांच तेज कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post