Top News

टीबी मरीजों के बीच बांटी गई पोषण किट, समाज से सहयोग की अपील

:


टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर जोरगामा में पांच टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। जोरगामा पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार उर्फ टुनटुन साह ने गोद लिए गए मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई।

मुखिया ने बताया कि वे पिछले छह माह से नियमित रूप से टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दवा के साथ पौष्टिक आहार भी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर मरीजों को पोषण सामग्री वितरित की जा रही है।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सरकार टीबी मरीजों को निःशुल्क दवा के साथ प्रतिमाह एक हजार रुपये की पोषण सहायता राशि भी प्रदान करती है। इसके बावजूद कई जरूरतमंद मरीजों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता। ऐसे में निश्चय मित्रों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही पोषण सामग्री मरीजों के स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण और देखभाल में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर बीएचएम संजीव सिन्हा, बीएमसी सुजीत कुमार शास्त्री, सरपंच प्रतिनिधि प्रियवत पासवान सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post