पूर्णिया जिले के रुपौली प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड संख्या-13 में गुप्ता बायो फ्यूल स्टेशन के समीप गुरुवार को घरेलू गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। हादसे में चार परिवारों के घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घर का सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। प्रभावित परिवारों के पास केवल तन पर पहने कपड़े ही सुरक्षित बच सके।
जानकारी के अनुसार आग की चपेट में बिनोद ठाकुर, पवन ठाकुर, ललन ठाकुर और सुमन ठाकुर के घर आ गए। देखते ही देखते चारों घर आग की लपटों में घिर गए। आग में अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, जरूरी दस्तावेज समेत अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटनास्थल गुप्ता बायो फ्यूल स्टेशन से महज 25 मीटर की दूरी पर स्थित है। बीच में ग्रामीण सड़क होने और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को बायो फ्यूल स्टेशन तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही रुपौली थाना पुलिस और छोटी दमकल मौके पर पहुंची। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण छोटी दमकल से आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। बाद में स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से आग को काफी हद तक नियंत्रित किया गया। इसके बाद अनुमंडल मुख्यालय धमदाहा से पहुंची बड़ी दमकल ने शेष आग बुझाकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में कर ली।
घटना की सूचना पर रुपौली की अंचलाधिकारी शिवानी सुरभि एवं पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। अंचलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों से मिलकर नुकसान का जायजा लिया और अधीनस्थ कर्मियों को क्षति का आकलन कर शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
हादसे के बाद प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को अविलंब आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
Post a Comment