Top News

लोक शिकायत पदाधिकारी के आदेश के बावजूद बंद हुआ रास्ता, पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

:

रौतारा। रौतारा थाना क्षेत्र के बिनोदपुर वार्ड संख्या-13 में लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के आदेश के बावजूद एक परिवार के आवागमन का रास्ता बंद कर दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर रास्ता बहाल कराने की मांग की है।

पीड़ित अनिरुद्ध पासवान ने बताया कि वर्षों से उनका परिवार लगभग तीन फीट चौड़े रास्ते का उपयोग घर से मुख्य सड़क तक आने-जाने के लिए करता रहा है। रास्ता अवरुद्ध किए जाने के बाद उन्होंने बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत परिवाद दायर किया था।

उन्होंने बताया कि सुनवाई के बाद अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि संबंधित स्थल पर आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध है और परिवार लंबे समय से उसका उपयोग करता आ रहा है। इसके बावजूद तीन दिन पूर्व फिर से उक्त रास्ते को बंद कर दिया गया।

अनिरुद्ध पासवान का कहना है कि रास्ता बंद होने से परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकलने, दैनिक कार्यों के निष्पादन तथा मवेशियों को सड़क तक ले जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन पूरी तरह बाधित होने से परिवार का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।

पीड़ित ने प्रशासन से लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने और कम से कम तीन फीट चौड़ा रास्ता बहाल कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर विवाद और गहरा सकता है।

वहीं, प्रशासनिक स्तर पर बताया गया है कि मामले में संबंधित पक्षों से जानकारी लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के आदेश का पालन कब तक सुनिश्चित कराया जाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post