Top News

दोहमुनी का स्क्रू पाइल पुल जर्जर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

:

बैसा (पूर्णिया)। बैसा प्रखंड के शीशाबाड़ी पंचायत स्थित दोहमुनी गांव के समीप धारा पर बना स्क्रू पाइल पुल जर्जर हालत में पहुंच गया है। पुल की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि इसके कल-पुर्जे बाहर निकल आए हैं और पाया भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

यह पुल कई पंचायतों के लोगों को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन इस पुल से सैकड़ों यात्री वाहन, ट्रैक्टर तथा अन्य भारी वाहनों का आवागमन होता है। बावजूद इसके पुल की मरम्मत नहीं होने से लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि पुल की मरम्मत की मांग कई बार विधायक, सांसद और प्रशासनिक अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। इससे लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है।

जिला परिषद सदस्य असरारूल हक, मुखिया जफर इकबाल, मुखिया प्रतिनिधि अबु अमामा उर्फ बाबा तथा मुखिया हसनेन आलम समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए स्क्रू पाइल पुल की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पुल की अनदेखी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post