Top News

महानंदा नदी में डूबा इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र, एसडीआरएफ चला रही तलाश अभियान

:


किशनगंज में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, खाड़ीबस्ती के एक छात्र के महानंदा नदी में डूब जाने का मामला सामने आया है। हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। छात्र की पहचान 22 वर्षीय साहिल कुमार साहनी के रूप में हुई है। वह पटना जिले के बिहटा निवासी हृदय कुमार का पुत्र था और राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, खाड़ीबस्ती में बी.टेक. की पढ़ाई कर रहा था। वह महाविद्यालय के छात्रावास में रहकर अध्ययन करता था।

जानकारी के अनुसार, साहिल अपने पांच दोस्तों के साथ महाविद्यालय के समीप बह रही महानंदा नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह नदी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही महाविद्यालय प्रशासन, स्थानीय थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया, जिसने नदी में सर्च अभियान शुरू किया।

समाचार लिखे जाने तक छात्र का शव बरामद नहीं हो सका था। एसडीआरएफ के गोताखोर लगातार नदी में तलाश अभियान चला रहे हैं। हालांकि, महानंदा नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस हादसे के बाद महाविद्यालय परिसर में शोक का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मानसून के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था, बावजूद इसके छात्र स्नान करने नदी में उतर गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि एसडीआरएफ की टीम छात्र की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post