Top News

घर में छिपाकर रखा था 2.15 किलो गांजा, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार


नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही बहादुरगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम बहादुरगंज थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी गांव के वार्ड संख्या-4 स्थित अरविंद कुमार और उसकी दादी मालती देवी के घर पर पुलिस ने विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में अलग-अलग कपड़ों के झोलों में रखा 2.15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद पैकेटों पर ए, बी, सी और डी का निशान अंकित था।

छापेमारी के दौरान पुलिस की नजर दहगांव निवासी 55 वर्षीय मोबिंदर हरिजन और भाटाबाड़ी निवासी संजना कुमारी पर पड़ी, जो मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद अरविंद कुमार और मालती देवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह पुलिस ने पूरे गिरोह के चारों सदस्यों को दबोच लिया।

थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बरामद गांजे की खेप को अलग-अलग लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में थे। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने न केवल गांजा बरामद किया, बल्कि पूरे गिरोह को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 428/2026 दर्ज करते हुए चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post