Top News

संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए कोलासी में जागरूकता अभियान, प्रसव शिविर का शुभारंभ


कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र, कोलासी में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता को लेकर संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार पंडित एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित आर्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रसव शिविर का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने लोगों से संस्थागत प्रसव को अपनाने तथा सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। वहीं स्वास्थ्यकर्मियों से गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

संध्या चौपाल के दौरान ग्रामीणों को सुरक्षित मातृत्व, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कोलासी मंडल अध्यक्ष भोला झा, विद्यालय प्रतिनिधि रमण झा सहित कई जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post