राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला प्रवक्ता डॉ. आलोक राज ने पूर्णिया नगर निगम के कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर महापौर को विस्तृत आवेदन सौंपा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन के कार्यों की स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) अथवा किसी अन्य स्वतंत्र जांच एजेंसी से उच्चस्तरीय जांच कराने की अनुशंसा बिहार सरकार को भेजने का आग्रह किया है।
आवेदन में डॉ. आलोक राज ने कहा है कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान नगर निगम से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं, प्रशासनिक त्रुटियों, निविदा विवादों तथा भ्रष्टाचार से संबंधित कई खबरें समाचार-पत्रों, समाचार चैनलों और सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आती रही हैं। इन आरोपों के कारण नगर निगम की पारदर्शिता एवं कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं और आम जनता के बीच अविश्वास की स्थिति बनी है।
उन्होंने कहा कि जनहित, पारदर्शिता और सुशासन को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। डॉ. आलोक राज ने दावा किया कि उनके पास कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर सक्षम जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि यदि जांच में वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, यदि आरोप निराधार साबित होते हैं तो यह तथ्य भी सार्वजनिक किया जाए, ताकि नगर निगम की साख और जनता का विश्वास बहाल हो सके।
डॉ. आलोक राज ने यह भी दावा किया कि पूर्णिया नगर निगम में हुए कथित भ्रष्टाचार के उनके पास पुख्ता सबूत हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महापौर उनके आवेदन पर संज्ञान नहीं लेते हैं तो वे मामले की शिकायत बिहार सरकार से करेंगे तथा निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर न्यायालय में जनहित याचिका (PIL) भी दायर करेंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि महापौर जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर गंभीरता से विचार करते हुए नगर निगम में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक पहल करेंगे।
Post a Comment