Top News

कटाव पीड़ितों व भूमिहीनों के पुनर्वास की मांग, मंत्री दिलीप जायसवाल को सौंपा ज्ञापन


बायसी प्रखंड की श्रीपुर मल्हाटोली पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद जहीरूद्दीन ने पटना में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल को मांग पत्र सौंपकर नदी कटाव से प्रभावित एवं भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि पंचायत के फैजी टोला में नदी कटाव के कारण कई परिवारों का आशियाना उजड़ चुका है और अनेक परिवार अपनी जमीन भी गंवा चुके हैं। ऐसे सभी कटाव पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से प्रति परिवार तीन-तीन डिसमिल आवासीय भूमि आवंटित कर पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की गई है, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकें।

मुखिया प्रतिनिधि ने यह भी कहा कि पंचायत में बड़ी संख्या में ऐसे भूमिहीन परिवार हैं, जिनके पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है। उन्होंने सरकार से सभी पात्र भूमिहीन परिवारों को भी तीन-तीन डिसमिल आवासीय भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने मांग पत्र प्राप्त कर आश्वासन दिया कि राज्य सरकार कटाव पीड़ितों एवं भूमिहीन परिवारों के हितों के प्रति गंभीर है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और प्रावधानों के तहत पात्र परिवारों को तीन डिसमिल आवासीय भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री के आश्वासन के बाद कटाव प्रभावित एवं भूमिहीन परिवारों में पुनर्वास की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह मांग पूरी होती है तो वर्षों से आवासीय भूमि के अभाव में जीवन गुजार रहे सैकड़ों परिवारों को स्थायी राहत मिल सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post