बायसी थाना क्षेत्र के श्रीपुर मल्हाटोली पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित फैजी टोला में लगातार हो रहे नदी कटाव से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। कटाव के कारण हर वर्ष कई परिवारों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को लिखित आवेदन देने के बावजूद अब तक स्थायी कटाव-रोधी कार्य शुरू नहीं किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, जो नदी कभी गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर बहती थी, वह अब बस्ती के बेहद करीब पहुंच चुकी है। लगातार हो रहे कटाव के कारण कई घर नदी में समा चुके हैं और सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं। सबसे बड़ी समस्या उन परिवारों के सामने है, जिनके पास पुनर्वास के लिए वैकल्पिक जमीन भी उपलब्ध नहीं है।
श्रीपुर मल्हाटोली पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद जहीरुद्दीन ने बताया कि उन्होंने लगातार अधिकारियों से संपर्क किया और पटना जाकर भी संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं सरकार के समक्ष इस गंभीर समस्या को उठाया। उनके प्रयास के बाद अधिकारियों की एक टीम ने फैजी टोला का निरीक्षण किया।
मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद जहीरुद्दीन ने कहा, "लगातार प्रयास और आवेदन के बाद अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया है। हमें आश्वासन मिला है कि आने वाले कुछ दिनों में जियो बैग के माध्यम से कटाव-रोधी कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।"
ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष नदी कटाव के कारण उन्हें अपना आशियाना छोड़ना पड़ता है। यदि समय रहते प्रभावी कटाव-रोधी कार्य नहीं कराया गया, तो आने वाले दिनों में कई और घर नदी में समा सकते हैं।
इस बीच ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी भी दी है। उनका कहना है कि यदि 10 दिनों के भीतर जियो बैग से कटाव-रोधी कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र के सभी ग्रामीण सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
फिलहाल ग्रामीणों की उम्मीद प्रशासन के उस आश्वासन पर टिकी है, जिसके तहत जल्द ही जियो बैग से कटाव-रोधी कार्य शुरू करने की बात कही गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि यह आश्वासन कब तक धरातल पर उतरता है और फैजी टोला के लोगों को नदी कटाव से राहत मिलती है।
Post a Comment