Top News

"रेल यात्रियों को बड़ी राहत: पूर्णिया-दिल्ली समेत कई स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी, टिकट कन्फर्म होने की बढ़ी उम्मीद"

पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने यात्रियों की लगातार बढ़ रही भीड़ और यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण स्पेशल एवं क्लोन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार करने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस फैसले से बिहार, विशेषकर सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली, मुंबई, गुजरात और उत्तर प्रदेश की ओर यात्रा करने वाले लोगों को अब टिकट कंफर्म होने की संभावना बढ़ेगी और अतिरिक्त ट्रेनों का लाभ मिलेगा।
रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सीमांचल क्षेत्र की महत्वपूर्ण ट्रेन 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल अब 31 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार एवं रविवार को चलेगी। वहीं इसकी वापसी ट्रेन 05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 2 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार और मंगलवार को संचालित होगी। इससे पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
कोसी क्षेत्र के यात्रियों के लिए भी राहत की खबर है। 05575 सहरसा-आनंद विहार स्पेशल का परिचालन 28 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार तथा 05576 आनंद विहार-सहरसा स्पेशल का परिचालन 30 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को जारी रहेगा।
गुजरात जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 09045 उधना-मधुबनी स्पेशल ट्रेन 26 जुलाई 2026 तक प्रत्येक रविवार को तथा 09046 मधुबनी-उधना स्पेशल 27 जुलाई 2026 तक प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। इसके अलावा 09047 उधना-झंझारपुर स्पेशल और 09048 झंझारपुर-उधना स्पेशल का परिचालन भी क्रमशः 26 और 27 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा।
दिल्ली रूट पर भी रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। 02563 बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल का परिचालन 31 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन जारी रहेगा, जबकि इसकी वापसी ट्रेन 02564 नई दिल्ली-बरौनी क्लोन स्पेशल 1 अगस्त 2026 तक रोजाना चलेगी। इसी प्रकार 02569 दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 31 जुलाई 2026 तक तथा 02570 नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन स्पेशल 1 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी।

इसके अलावा 05219 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार स्पेशल 31 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार और 05220 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल 1 अगस्त 2026 तक प्रत्येक शनिवार को यात्रियों की सेवा में उपलब्ध रहेगी।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गर्मी, त्योहारों और छुट्टियों के दौरान बढ़ी यात्रियों की संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इससे बिहार के विभिन्न जिलों से दिल्ली, एनसीआर, गुजरात और पश्चिम भारत के लिए यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। खासकर सीमांचल और कोसी क्षेत्र के यात्रियों के लिए यह निर्णय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और व्यवसाय के सिलसिले में देश के विभिन्न महानगरों की यात्रा करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post