Top News

रेलवे ट्रैक पर नवविवाहिता का क्षत-विक्षत शव मिला, पति पर हत्या का आरोप

:


शहर के खगड़ा तीन नंबर गुमटी निवासी 27 वर्षीय जूही बेगम की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका क्षत-विक्षत शव ओवरब्रिज की सीढ़ी के सामने किलोमीटर संख्या 88/8-9 के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला। अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से उसका चेहरा बुरी तरह कुचल गया था और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने जूही के पति तनवीर आलम पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों के अनुसार जूही का प्रेम संबंध शहर के कजलामनी निवासी तनवीर आलम से कई वर्षों से था और करीब तीन माह पूर्व दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों प्रेम पुल के समीप किराये के मकान में रह रहे थे, लेकिन ससुराल वालों ने जूही को स्वीकार नहीं किया था।

परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार को ससुराल वाले जूही को मायके छोड़ गए थे। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल पर पति तनवीर उससे मिलने आया। घर के बाहर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद तनवीर जूही को अपने साथ ले गया। शनिवार सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।

मृतका के पिता कुर्बान अली ने आरोप लगाया कि पति और ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये नहीं लाने पर जूही को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि तनवीर ने ही जूही को ट्रेन के सामने धक्का देकर उसकी हत्या की। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post