Top News

मुख्य पार्षद की पहल रंग लाई, गेराबाड़ी बाजार फीडर योजना को मिली मंजूरी


गेराबाड़ी बाजार के वार्ड संख्या-5 के अंश भाग में वर्षों से ग्रामीण फीडर से हो रही बिजली आपूर्ति की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह के लगातार प्रयासों के बाद विभाग ने बाजार फीडर से बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्यपालक अभियंता ने इस संबंध में कोढ़ा के जूनियर इंजीनियर (जेई) को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में केवल पांच नए बिजली पोल लगाए जाने के बाद वार्ड संख्या-5 के इस हिस्से को ग्रामीण फीडर से हटाकर बाजार फीडर से जोड़ दिया जाएगा। इससे क्षेत्र के दुकानदारों, व्यवसायियों और आम उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटने और अनियमित आपूर्ति जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। बाजार फीडर से जुड़ने के बाद लोगों को अधिक स्थिर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस मांग को जन सहयोग शिविर, जिला पदाधिकारी को सौंपे गए आवेदन, जिला बीस सूत्री समिति एवं निगरानी समिति की बैठकों सहित विभिन्न मंचों पर लगातार उठाया गया। साथ ही स्थानीय स्तर पर भी इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा जाता रहा, जिसके बाद बिजली विभाग ने सकारात्मक पहल करते हुए कार्रवाई शुरू की।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य पार्षद लंबे समय से इस समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत थे। अब विभागीय प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्र के सैकड़ों बिजली उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए मुख्य पार्षद के प्रयासों की सराहना करते हुए जल्द कार्य पूरा कराने की मांग की।

मुख्य पार्षद ने कहा कि विभागीय औपचारिकताएं पूरी होते ही बिजली पोल लगाने का कार्य शुरू होगा। इसके बाद बाजार फीडर से बिजली आपूर्ति प्रारंभ होने पर गेराबाड़ी बाजार की वर्षों पुरानी बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से कुछ दिन और धैर्य बनाए रखने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post