विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, पूर्णिया के विद्यार्थियों ने सिलिगुड़ी में आयोजित माइंडक्राफ्ट–2026 (द्वितीय संस्करण) अंतरविद्यालयी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, पूर्णिया और बिहार का नाम रोशन किया।
विद्यालय की कक्षा 10 के छात्र सबल को प्रतियोगिता में उनके असाधारण सामान्य ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता, आत्मविश्वास और बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'सर्वश्रेष्ठ प्रश्नोत्तरी प्रतिभागी (बेस्ट क्विज़र)' के प्रतिष्ठित व्यक्तिगत सम्मान से नवाजा गया। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न राज्यों की करीब 75 टीमों ने हिस्सा लिया। विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल की ओर से सबल और दर्शील ने प्रतिनिधित्व किया। दोनों विद्यार्थियों ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक दूसरा स्थान बनाए रखा। हालांकि अंतिम दौर में बेहद मामूली अंतर से पदक से चूक गए, लेकिन टीम ने चौथा स्थान हासिल कर विद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाई।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। टीम प्रबंधक आशीष झा के नेतृत्व और सहयोग की भी विशेष सराहना की गई।
विद्यालय के सचिव, निदेशक, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सबल, दर्शील और आशीष झा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास जताया कि वे आगे भी राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, पूर्णिया और बिहार का नाम रोशन करते रहेंगे।
Post a Comment