Top News

कनकई-महानंदा का कहर: हरिया, आसजा और अभयपुर में तेज नदी कटाव, दर्जनों घरों पर मंडराया खतरा

:


बैसा प्रखंड से होकर गुजरने वाली कनकई एवं महानंदा नदी का जलस्तर बढ़ते ही कंफलिया पंचायत के आसजा, अभयपुर तथा रायबेर पंचायत के हरिया गांव के समीप भीषण नदी कटाव शुरू हो गया है। लगातार हो रहे कटाव से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कटाव निरोधक कार्य नहीं कराया गया तो दर्जनों घर नदी में समा सकते हैं और सैकड़ों परिवार प्रभावित हो सकते हैं।

समाजसेवी एवं संभावित जिला परिषद प्रत्याशी सराफत हुसैन ने बताया कि नदी कटाव से पूर्व में ही सैकड़ों परिवार बेघर हो चुके हैं और सैकड़ों एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि नदी में समा चुकी है। इसके बावजूद गांवों के समीप स्थायी कटाव निरोधक कार्य नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि कई बार क्षेत्रीय विधायक, सांसद और संबंधित विभाग से सुरक्षा कार्य कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि हरिया गांव के पास से गुजरने वाली पक्की सड़क तथा आसजा और अभयपुर के समीप की सड़क भी नदी कटाव की जद में आ चुकी है। इससे ग्रामीणों की आवाजाही पर भी संकट गहराने लगा है।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ने और घटने के दौरान कटाव और अधिक तेज हो जाता है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यदि जल्द बचाव कार्य शुरू नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में दर्जनों परिवारों के घर और सड़कें नदी में समा सकती हैं।

स्थानीय लोगों ने जिला पदाधिकारी से अविलंब हस्तक्षेप कर प्रभावित क्षेत्रों में कटाव निरोधक कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि गांवों और ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post